Thursday, December 27, 2012

मेरी गज़ल तो गज़ल नहीं एक नारा है


तरजीह नहीं मिलती दान में या दुकान पर
कमाई जाती है कर्मों से इज्ज़त की तरह
हुनर है जो गढ़कर शब्द गज़ल रचने की
घी से इसकी धधका दो आग युवा आक्रोष की
बन जाए यह आग ऐसा भीषण दावानल
बुझा न सकें जिसको तोप-टैंकों के दमकल
बना दो गज़ल को एक ऐसा विप्लवी नारा
दहल जाए जालिमों का संसार सारा का सारा
गजल हो हमारी हरकारा इन्किलाब की
महरूमों-ओ-मजलूमों के सिसकते ख़्वाब की
मेरी गज़ल तो गज़ल नहीं एक नारा है
इन्किलाबी जज्बातों की एक अदना हरकारा है.[ईमि/२७.१२.१२]

Wednesday, December 26, 2012

"नहीं है दूर वो दिन इन्किलाब भी होगा"


नहीं है दूर वो दिन इन्किलाब भी होगा

"नहीं है दूर वो दिन इन्किलाब भी होगा"
तब अब्र भी होगा माहताब भी
होगी गज़ल गतिशील और आज़ाद
कहेगी बात इंसानी उसूलों की

बहुत सुन्दर, लिखते रहो बधाई हो
खत्म लेकिन रकाबत की लड़ाई हो (हा हा )
हाथ मिला ले अपने इस रकीब से
रिश्तों की आज़ादी देखो करीब से
लेकर हाथों में हाथ हम चलेंगे साथ साथ
आएगा इन्किलाब, होगा दुनिया में इन्साफ
इमि[27.12.12]

सहो मत प्रतिकार करो



सहो मत प्रतिकार करो
मर्दवाद के दुर्ग पर बार बार वार करो
फांसी से बलात्कारी के न खत्म होगा यह सिलिला
खत्म करेगा जड़ से इसे नारीवाद का काफिला
[27.12.12]

Tuesday, December 25, 2012

बलात्कारी सोच

बलात्कारियों को फांसी की मांग नहीं की जा रही है, नारों में अतिरंजना होती है. बलात्कारियों को क़ानून-सम्मत सज़ा एक पहलू है, हमला इसके श्रोत- नारी को जिस्म और उसके बलात्कार को मान्-मर्दन  समझने वाली मर्दवादी विचारधा-- पर होना चाहिए जो बलात्कारी मानसिकता को जन्म देती है और बलत्कृत को ही  कलंकित मानती है. अखबार वाले बदनामी का डर दिखाकर उसका "बदला हुआ नाम" बताते है, बलात्कारी को बदनामी से बचाने की जरूरत नहीं होती!. स्वस्फूर्त उमड़े संचित युवा-उमंगों के मगासागर ने इस घटना की आड़ में निहित स्वार्थों की राजनीति करने वालों को भी पीछे धकेल दिया. जो काम शर्मिला के १२ साल के अमरण अनसन न् कर सका; सोनवी सोरी की जेल की यातना की चीख न् कर सकी वह काम युवा उमंगों के स्वस्फूर्त विरोध ने कर दिया. संसद में जनप्रतिनिधियों को और प्रधानमंत्री/गृहमंत्री को बयान देना पड़ा, उनके बयान प्रकारांतर से भले ही नाक़रीविरोधी विचारधारा को ही पोषित करने वाले ही क्यों न हों? प्रधानमंत्री को कहना पड़ा कि महिलाओं की सुरक्षा का बेहतर इंतज़ाम किया जाएगा, अभी तक पता नहीं किसने रोक रहा था?  यह स्वस्फूर्त, अनियंत्रित किन्तु स्व-अनुशासित युवा प्रतिरोध नेतृत्व-विहीन है और लक्ष्य और दुश्मन की स्पष्टता नहीं नहीं है किन्तु यह आने वाले तूफ़ान का पूर्वाभास, एक नए क्रांतिकारी छात्र-आंदोलन की बुनियाद का संकेत है. क्षणिक उदगार कह कर इसका सरलीकरण नहीं होना चाहिए. यह संचित आक्रोश का उदगार है, जरूरत है दिशा और लक्ष्य की स्पष्टता की इनकी तलाश में हम मदद करें.

Monday, December 24, 2012

दोजख कैसा होगा वाइज़ ही जाने

दोजख कैसा होगा वाइज़ ही जाने

शर्म आती है मनुष्य की दरिंदगी की ख़बरों से
हटती ही नहीं ये ख़बरें मगर कभी नज़रों से 

लगता है हम शर्मिस्तान में रहते हैं
हर रोज कई शर्मनाक ख़बरें सहते हैं.

दोजख कैसा होगा वाइज़ ही जाने
खुदा की इस दुनिया से बुरा क्या होगा?
         [ईमि/२५.१२.'१२ ]

नारी की सहनशीलता

नारी की सहनशीलता उसकी ताकत नहीं कमजोरी है. परिवार नामक संस्था बनाए रखने की इकतरफा जिम्मेदारी नारी की क्यों? स्वेच्छा से औरों के लिये त्याग करना, पारंपरिक, पितृसत्तात्मक, नैतिक निष्ठाओं के चलते कष्ट सहना, प्रियजनों के सुख में सुख तलाशना;......... ये सब वान्छनीय मानवीय गुण हैं किन्तु पारस्परिकता के अभाव में में ये दुर्गुण बन जाते हैं, पुरुष-प्रधानता के वर्चस्व की विचारधारा को वैचारिक आधार प्रदान करते है और ईंधन पानी भी. जब तक ये सहती रहीं; सधती रहीं, परिवार  नाम की संस्था और पुरुष प्रधान समाज सामंजस्य से चलते रहे. जब नारी सधना, सहना बंद करने लगी; जवाब देने के साथ सावाल भी करने लगी; कुछ भी सहने के तर्क पर विचार करने लगी; हुक्म-तालीमी से इंकार करने लगी; आज़ादी और समानता पर अधिकार जताने लगी; अंतरिक्ष की उड़ान भरने लगी; .......; तो परिवार नामक संस्था में क्यों दरार आने लगी? मर्दवाद की विचारधारा के लंबरदारों को क्यों सामाजिक संत्रास मिलने लगा कि उसके पहरुए बौखलाहट में दरिंदगी करने लगे हैं? आज़ादी तथा गैरत की ज़िंदगी चाहती हो तो सहने से इंकार कर दो, हर रवायत पर सावाल करो नारी! सहने की संस्कृति से विद्रोह करो; सहो मत, प्रतिकार करो. दुश्मन का ताकतवर होने का मिथ और गुमाव तभी तक रहता है जब तक पलटवार न करो. कलम का पलटवार ज्यादा करगर होता है लेकिन चांटे का भी जवाब देते रहना है -- चांटे, लात और दांत से. 

Sunday, December 23, 2012

जला देना होगा वह शब्द कोष


जला देना होगा वह शब्द कोष
ईश मिश्र 

इसीलिये मैं बार-बार दोहराता हूँ
लटका देने से जालिम को फांसी पर
नहीं खत्म होगा बलात्कार
इंसानियत पर मर्दवादी अत्याचार
जरूरत है निरंतर बमबारी की
मर्दवाद के प्राचीन, वैचारिक दुर्ग पर
तोड़ने की हठ-मठ और कर्मठ
उतार फेंकने की सर से पूर्वजों की लाशों का बोझ
लदीं अा रहीं जो पीढ़ी-दर-पीढी इंसानियत के ऊपर
परंपरा, मर्यादा अौर रीति-रिवाज बन कर
बदलनी होगी सडी-गली मर्दवादी सोाच
नारी-नैसर्गिकता को बताये जो गाली गलौच
मिटा देने होंगे वे सारे शब्द और मुहावरे
इंसानी रिश्तों को जो यौनिक  परिभाषा दें   
जला देना होगा वह शब्द कोष
कन्या-जन्म को देता जो दोष
घूर में डालना  वह शास्त्र अौर लोकोक्ति
नारी जननांग को समझे जो रद्दी की टोकरी 
नेस्त-नाबूद करने होंगे ऐसे सारे विचार
मर्दानगी की बदबू को कहें जो उच्च विचार

रचने होंगे नए शब्द और नए रिश्ते
लिखने होंगे नए शास्त्र और संहिता
करना होगा यौनिक भेद-भाव को अलविदा
होगा नहीं किसी को कोई यौन, मनोविकार
नहीं करेगा कोई कभी किसी का बलात्कार
लिखा जाएगा जो शब्दकोष नया
होगी नहीं नारी उसमें पूज्या या भोग्या
न होगी वह जूती न कचनार की कच्ची कली
न चांद न तारा न ही हीरा मोती
न होगा हुस्न का पिजरा न विश्व-सुन्दरी का लफडा 
होगी नारी भी नारी से पहले इंसान
पुरुषों के ही सामान इंसानी पहचान
[ईमि[24.12.'12]