Saturday, December 22, 2018

मार्क्सवाद 164 ( फासीवाद और कम्युनिस्ट)

यहां की कम्युनिस्ट पार्टियों के नेतृत्व का चरित्र हमेशा अकम्युनिस्ट ही रहा, तात्कालिक समझौते दीर्घकालिक और स्थाई हो गया। चुनाव में शिरकत क्रांतिकारी चेतना के विस्तार के लिए रणनीतिक तौर पर अपनाया गया लेकिन वही इनका स्थाई भाव बन गया। कालांतर में (खासकर 1967 के संविद सरकारों के प्रयोग के बाद) सीपीआई तथा सीपीयम और अन्य चुनावी पार्टियों में कोई गुणात्मक फर्क नहीं रह गया। वर्ग संघर्ष और आत्मालोचना की तस्वीरें टांगकर उनपर फूल मालाचढ़ा दिया गया। नंदीग्राम सिंगूर कॉफिन की अंतिम कीलें साबित हुईं। आज हमारे पास फासीवाद से लड़ने के लिए सांप्रदायिकता और विश्वबैंक की दलाली में भाजपा की प्रतिस्पर्धी कांग्रेस के समर्थन के अलावा कोई रास्ता नहीं है। वैसे भीराजनैतिक रूप से अप्रासंगिक हो चुकी इन पार्टियों के समर्थन-विरोध का कोई मतलब ही नहीं रह गया है। फिलहाल कॉ. अरुण माहेश्वरी जी से सहमत हूं कि फासीवाद से मुक्ति के लिए फौरी इलाज कांग्रेस के नेतृत्व में अन्य कॉरपोरेटी पार्टियों के गठबंधन का समर्थन ही चुनावी रास्ता है। दूरगामी लक्ष्य जनांदोलनों के जरिए सामाजिक चेतना का जनवादीकरण है, जिसकी ताकतें भविष्य के गर्भ में हैं, मौजूदा पार्टियों से जिसकी उम्मीद नहीं है।

Friday, December 21, 2018

शिक्षा और ज्ञान 174 (वेद)

Rajpal Kaushik आपने शायद वेद पढ़ा नहीं है। अपने देश-काल के हिसाब से एक पशुपालक-चरवाहे समुदाय द्वारा ऋगवेद की ऋचाओं की रचना अद्भुत है जो श्रुति ज्ञान के रूप में पीढी-दर-पीढ़ी चलती आई और ईशापूर्व 6ठीं शताब्दी के बाद लिपिबद्ध होना शुरू हुई क्योंकि तब तक हमारे वैदिक पूर्वजों को लिपिज्ञान नहीं था। ज्ञान एक निरंतर प्रक्रिया है। हर अगली पीढ़ी सामान्यरूप से तेजतर होती है, पिछली पीढ़ियों के ज्ञान को समेकित कर आगे बढ़ाती है, तभी हम पाषाणयुग से साइबरयुग तक पहुंचे हैं। मस्तिष्क के क्रमिक विकास के नियम और एक्सपोजर की सीमाओं के कारण हमारे पाषाणयुगीन या पशुपालन-चरवाही कालीन पूर्वज अपनी भविष्य की पीढ़ियों से अधिक बुद्धिमान नहीं हो सकते, यह एक ऐतिहासिक यथार्थ है, इसमें अहंकार की कोई बात नहीं है। आप अपने और अपने दादाजी की समाजिक चेतना के स्तर की तुलना कीजिए। क्या आपके दादा जी किसी दलित के साथ उसी पांत में बैठकर खा सकते थे? क्या आप उन्ही की तरह सार्वजनित रूप से दलित के साथ पांत में बैठने से मना कर सकते हैं? वैदिक साहित्य के कितने भी विंदुओं पर शोध क्यों न हों, हर रचना अपने समय को ही प्रतिबिंबित करती है।

मोदी विमर्श 105 (हनुमान की जाति)

मिथकीय महाकाव्य रामायण के एक वानर पात्र की जाति को लेकर भाजपा नेताओं में विवाद छिड़ गया है, कोई कह रहा है वह दलित है तो कोई उसे जाट बता रहा है तो कोई मुसलमान। अंबेडकरनगर के पांडेय सांसद को लगा कि लोगों की जातिनिर्धारण का काम पार्टी की अब्राह्मण जातियां कैसे कर सकती हैं तो उन्होंने तुरंत वानरदेव को ब्रह्मण घोशित कर दिया, सुग्रीव को कुर्मी और बालि को अहिर। इसीलिए तो कहता हूं कि हिंदू तो कोई होता ही नहीं, कोई चमार होता है कोई बाभन। चौपाए देवताओं को भी संघियों ने जातियों में बांट दिया है ।

Tuesday, December 18, 2018

शिक्षा और ज्ञान 172 (वेद)

मैं वेद विरोधी नहीं हूं, वेद को अपने समतामूलक, पशुपालक-चरवाहे ऋगवैदिक पूर्वजों की अमूल्य विरासत मानता हूं। बिना पढ़े उसे सब ज्ञान का श्रोत मानने वाले ब्राह्मणवादी पोंगापंथियों का विरोधी हूं। चरवाही युग के हमारे पूर्वज हमसे ज्यादा बुद्धिमान नहीं हो सकते। ज्ञान निरंतर प्रक्रिया है, पोंगापंथी ताकतें अतीत में महानताओं के अन्वेषण के प्रपंच से भविष्य के खिलाफ, जानबूझकर भी लेकिन अक्सर अनजाने में, जहालत के प्रसार की साजिश करते हैं। ज्ञान-विज्ञान में भारत की अधोगति अब हिंदुत्व का चोला पहन चुकी इसी ब्राह्मणवादी साजिश का नतीजा है।

Monday, December 10, 2018

मार्क्सवाद 163 (नास्तिक)

सांप्रदायिकता और जातिवाद के उन्मूलन के लिए जरू,री है वैज्ञानिक शिक्षा, मनुष्यता की दीक्षा। नास्तिकता किसी के अच्छे इंसान होने की गारंटी नहीं है, बल्कि यदि कोई नास्तिक स्व के स्वार्थबोध को स्व के परमार्थबोध पर तरजीह देता है तो समाज के लिए आस्तिक से भी खतरनाक हो जाता है।

Tuesday, December 4, 2018

अंडमान


पोर्टब्लेयर
28.11.2018
अंडमान की एक झलक
पहली किश्त
मिडिल स्कूल में भूगोल की किताब में और ग्लोब पर, भारत के नक्शे में मुख्यभूमि (मेनलैंड) के पीछे समुद्र में अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह नामक, बड़ी-छोटी और बहुत छोटी, अनियमित ज्यमितीय आकृतियों की टेढ़ी-मेढ़ी रेखा मुझे हमेशा रोचक लगती थी। इस छोटी सी रेखा को अगर एक विंदु मान लिया जाए तो वह कलकत्ता और मद्रास बिंदुओं के साथ, लगभग समद्विभुजीव, समकोण त्रिभुज पर है। नौकरी में आखिरी से पहले वाली यलटीसी  पोर्ट ब्लेयर में तमिलों और बंगालियों की ही बहुतायत है, वैसे तो बन स्कूल दिनों से ही अंडमान द्वीप समूह के बारे में जानने की उत्सुकता थी। नौकरी समाप्त होने के पहले आखिरी के पहले वाले यलटीसी सुविधा का उपयोग अंडमान यात्रा में किया।
 50-60 हजार पहले से आबाद द्वीपों की जानकारी द्वीपों की खोज की कहानी वैसी ही है जैसे भूगोल के गड़बड़ जानकारी वाले स्पेनी नाविक कोलंबस द्वारा हजारों सालों से आबाद और विकसित अमेरिकी महाद्वीपों और कैरिबियाई द्वीपों समेत उनके द्वीपों की खोज की। अंग्रेज जब यहां पहुंचे तो उन्होंने प्राकृतिक संपदा से समृद्ध यहां के मूल निवासियों और उनकी संस्कृति के साथ वैसा ही विनाशकारी खेल खेला जैसा उन्होंने अमेरिकी महद्वीपों साथ किया था। जिस तरह कैरिबियाई द्वीपों में वहां के संसाधनों के दोहन के लिए वहां गुलाम तथा उपनिवोशों से बंधुआ मजदूर लाए गए, वैसे ही इन द्वीपों के संसाधनों के दोहन के लिए बंगाल, तमिलनाडु आदि जगहों से यहां मजदूर लाए गए जिनमें से ज्यादातक के वंशज यहीं बस गए। 1947 के बाद सिलुलर जेल (काला पानी) से मुक्त कैदियों में यहां बसने के इच्छुक कैदियों को भी जमीन दी गयी। लकड़ी काटने और ढोनों के लिए अंग्रज झारखंड से मजदूर लेकर आए थे। उनके वंशज भी यगीं बस गए। ऐंथ्रोपॉलिजिकल संग्रहालय से प्राप्त सूचना के अनुसार पोर्टब्लेयर की आबादी में 23% बंगाली, 19% तमिल; 5% झारखंडी तथा बाकी अन्य राष्ट्रीयताओं के लोग हैं।


दूसरी किश्त

17 विश्वविद्यालय मार्ग, दिल्ली 110007
03.12.2018

भारतीय नौसेना नियंत्रित छोटे से पोर्ट-ब्लेयर हवाई अड्डे से निकलते ही नीरज से मुलाकात हुई, जिन्होंने अपना परिचय हमारे टूर मैनेजर के रूप में दिया। इनके साथ ही एक और स्मार्ट लड़का था जमीर, ड्रावर। जमीर के परदादा 1947 में सेलुलर जेल से छूटे कैदी थे। नीरज को सही सही नहीं याद है कि उनके किस पीढ़ी के पूर्वज बंगाल से कैसे पोर्टब्लेयर आए। दोनों का ही क्रमशः बंगाली या तमिल की बजाय अपनी अंडमानी पहचान पर जोर था। यहां संपर्क भाषा हिंदी है। एयरपोर्ट से होटल का रास्ता मुश्किल से 15-20 मिनट का होगा। चौराहे पर गांधी की मूर्ति वाली मुख्य बाजार से थोड़ी ही दूर स्थित यह मलयाली बाहुल्य इलाका है। शहर पहाड़ पर बसा है और सड़कें नारियल, सुपाड़ी, आम एवं अन्य पेड़ों की हरियाली से आच्छादित हैं।
नाश्ते के बाद जमीर के साथ हम पहले दिन के पर्यटन पर निकल पड़े। पहला और सूचनाप्रद पड़ाव एंथ्रोपॉलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एयसआई) का संग्रहालय था। मूलनिवासियों की जीवनशैली के नमूने और विवरण अत्यंत सूचनाप्रद हैं। द्वीपसमूह पर उपनिवेशीकरण के चरणों के भी कुछ विवरण हैं, अधिक नहीं। महान अंडमानी जनजाति द्वारा उपनिवेशीकरण का सशस्त्र प्रतिरोध लगभग उसी समय अमेरिका में अरिजोना घाटी के मूलनिवासियों के सशस्त्र प्रतिरोध की याद दिलाता है तथा औपनिवेशिक बर्बरता की भी। (डी ब्राउन की पुस्तक, बरी माई हर्ट ऐट वुंडेज नी में इसका सचित्र सा वर्णन है।) दोनों में ही मुकाबला तीर-धनुष और बंदूक में था। मार्क्स के शब्दों में भारत का स्वतंत्रता संग्राम, 1857 की सशस्त्र किसान क्रांति को सिंधिया जैसे गद्दार रजवाड़ों की मदद से कुचलने के बाद औपनिवेशिक शासकों के पास युद्धबंदियों के रूप में कैदियों की संख्या काफी थी। अंडमान के द्वीप उनकेलिए कैदखाने बन गए। उसके बाद हम सेलुलर जेल पहुंचे। टिकट की लाइन लंबी नहीं थी। ज्यादातर पर्यटक भारतीय ही थे। परिसर के बाहर से भवन तथा उसका आर्टिटेक्चर सुंदर लगा। वृत्त की त्रिज्याओं की आकृति में  बने बहुत से तीनतल्ला विंग हैं। वहां से अगले पड़ाव रोस्स द्वीप के निकलते समय जेल के पिछवाड़े बने जीबी पंत मेडिकल कॉलेज दिखाकर बताया कि जेल के कई विंग उसको समर्पित हो गए। ऊपर रोशनदान के साथ 15X10 फुट के एकाकी (सॉलिटरी) कोठरियां देखकर जो बात दिमाग में आई वह थी, भारतीय जेलों के मौजूदा जेलों की अमानवीय हद तक दयनीय हाल।   एक विंग में दूसरी मंजिल की सबसे कोने की कोठरी में सावरकर को रखा गया था। लगभग हर पर्यटक उल कोठरी तक जाता है। इसी कोठरी के कष्टों के चलते 1907 में, 1957 की किसान क्रांति के 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में लिखी अपनी पुस्तक भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम  में कौमी एकता तथा सामासिक संस्कृति के प्रशंसक, प्रखर उपनिवेशवाद-विरोधी देशभक्त विनायक दामोदर सावरकर का कायाकल्प हो गया। वे उपनिवेशविरोधी राष्ट्रवाद के विकास को बाधित करने के लिए हिंदुत्व राष्ट्रवाद का सिद्धांत देकर अंग्रेजों की बांटो-राज करो नीति का एक हथियार निर्मित किया। कष्ट लगता है जज्बाती विद्रोहियों को वफादार बना देती होगी। सावरकर की राजनैतिक यात्रा की चर्चा की गुंजाइश नहीं है।
हमारा अगला नियोजित पड़ाव कार्बिन कैंडी बीच था। सेलुलर जेल से हरे-भरे पहाड़ी पहाड़ी सडडक से जल्दी ही हम कार्बन बीच पहुंच गए। दो तरफ से हरे पहाड़ों से घिरे बीच; वाटर स्पोर्ट् खेलते लड़के-लड़कियां; बच्चों के साथ किनारे उथले पानी में सेल्फी और फोटो खीचते पर्यटक – मनोरम दृश्य था। लगभग 2 घंटे बीच पर बिताने के बाद होटल पहुंचने के पहले सेलुलर जेल में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम था।   

 
जारी................



    

Monday, December 3, 2018

भक्तिभाव की क्रूरता

भक्त विवेकशून्य तो होता ही है
क्रूर भी होता है
पिता की भक्ति में
परसुराम अपनी मां की हत्या कर देता है
राम पिता की भक्ति में
बिना शर्त अंध आज्ञाकारिता में
वनवासी बन जाता है
एक लड़की के प्रणय-निवेदन करने पर
उसके नाक-कान काट लेता है
छिपकर अकारण बलि की हत्या करता है
और लंका में भीषण नरसंहार मचाता है
धोखे से रावण की हत्या कर
सीता की अग्नि परीक्षा रचाता है।
वर्णाश्रमी मर्दवाद की भक्ति में
गर्भवती पत्नी को घर से निकाल देता है
और ब्राह्मणवादी भक्तिभाव में
ऋषि संबूक की हत्या कर देता है।
माता-पिता की भक्ति में
श्रवण कुमार जीवन उन्हे कंधे पर ढोने में नष्ट कर देता है
अपना जीवन जिए बिना दशरथ के हाथों मारा जाता है।
भक्तिभाव आस्था की वेदी पर
विवेक की बलि चढ़ाता है
मनुष्योचित विवेकभाव को छोड़
वापस पशुकुल में चला जाता है।
(ईमि: 04.12.2018)